मरीज के घर के पास छिड़काव करती नपा टीम
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जिले में स्क्रब टाइफस की दूसरी मरीज चार वर्ष एक बच्ची मिली है। इससे पहले इसी परिवार की एक महिला में स्क्रब टाइफस की पुष्टि हुई थी। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग व नगर पालिका की टीम ने मरीज के घर गल्ला मंडी के पास पहुंचकर लार्वा साइट दवा का छिड़काव कराया।
बीते दिनों शहर में गल्ला मंडी के पास निवासी एक 60 वर्षीय महिला को कान में दर्द के चलते जिला अस्पताल से जांच के बाद मेडिकल कॉलेज झांसी भेजा गया था। जहां महिला की स्क्रब टाइफस जांच के लिए सैंपल लिया गया था। जांच रिपोर्ट नौ सितंबर को आई थी, इसमें स्क्रब टाइफस बीमारी होने की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला मरीज के घर पर पहुंचकर आसपास के जलभराव व अन्य क्षेत्र में लार्वी साइट दवा का छिड़काव किया था। साथ ही परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य का परीक्षण भी कराया था। इस दौरान परीक्षण में इसी परिवार की एक चार वर्षीय बच्ची को बुखार पाया गया, जिसकी उसे दवा दी गई।
आराम न होने पर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। सोमवार रात में आई जांच रिपोर्ट में बच्ची में स्क्रब टाइफस की पुष्टि हो हुई है। बच्ची का इलाज उसके घर में ही किया जा रहा है। मंगलवार को जिला संक्रामक रोग नियंत्रण अधिकारी/नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती नगर पालिका की टीम के साथ मरीज के घर पहुंचे। जहां पर बालिका के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। जिसमें बालिका स्वस्थ पाई गई। उन्होंने परिजनों को बीमारी से बचाव के लिए जागरूक किया। साथ ही बच्ची को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर सूचना करने के निर्देश दिए।
परिजनों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते नगर स्वास्थ अधिकारी डॉ. राजेश भारती- फोटो : LALITPUR