न्यायालय कर्मियो की एंटीजन जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : अमर उजाला
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को जिला जज, नगर पालिका ईओ समेत चार लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब जिले में कुल 33 सक्रिय संक्रमित हो गए हैं। वहीं एक संक्रमित ठीक हो गया है।
जनपद में कोरोना संक्रमण की जांच का दायरा बढ़ने के साथ ही संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में जनपद न्यायाधीश चंद्रोदय कुमार और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी निहाल चंद्र समेत चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जनपद न्यायाधीश को लगातार कई दिन से बुखार आ रहा था। उन्होंने कोरोना जांच के लिए सैंपल दिया था। आरटीपीसीआर की जांच में वह कोरोना संक्रमित निकले।
जबकि नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एंटीजन जांच में ही संक्रमित पाए गए। मंगलवार को न्यायालय परिसर में शिविर लगाकर 33 कर्मचारियों और अधिकारियों के सैंपल लिए गए हैं। अब बुधवार को नगर पालिका में भी जांच कराई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को कुल 650 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं। इनमें 159 आरटीपीसीआर और 491 एंटीजन टेस्ट किए गए हैं। इससे पहले जिला कारागार में 20 बंदी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। अब यह संक्रमण न्यायालय और नगर पालिका तक भी पहुंच गया है।
मंगलवार को जांच रिपोर्ट में जनपद न्यायाधीश एवं नगर पालिका अधिशासी अधिशासी अधिकारी समेत चार लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने न्यायालय में जांच कराई है। अब बुधवार को नगर पालिका में भी जांच कराई जाएंगी। जनपद में 33 एक्टिव मरीज हैं।
-डॉ. जेएस बक्शी, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी