ललितपुर। थाना बार के अंतर्गत ग्राम सैमराडांग में सोमवार को एक और किसान की हालत बिगड़ने से झांसी ले जाते समय मौत हो गई। जिस पर परिजन उसके शव को वापस लेकर गांव लौट गए।
थाना बार के ग्राम सैमराडांग निवासी बाबूपाल (60) रविवार को घर पर ही था और उसके पेट में दर्द और उबकाई की शिकायत होने पर परिजन उसे उपचार के लिए शाम पांच बजे बार सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ललितपुर रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे जिला अस्पताल न ले जाकर रात में घर वापस लेकर लौट गए। इसके बाद सोमवार को उसकी हालत फिर से अधिक बिगड़ गई, जिस पर परिजन उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर झांसी मेडिकल कॉलेज उपचार को ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही तालबेहट के पास उसकी मौत हो गई।
जिस पर परिजन उसके शव को वापस गांव लेकर चले गए। मृृतक के भाई कैलाश पाल ने बताया कि रविवार को उसकी तबीयत खराब हो गई और सोमवार को जब उसे इलाज को झांसी मोटरसाइकिल से लेकर जा रहे थे तो रास्ते में उसकी मौत हो गई है। उन्होंने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। उसने बताया कि मृतक चार भाइयों में बड़ा था और उसके तीन बेटे व एक बेटी है। वहीं बताया गया कि मृतक के पिता के नाम पौने चार एकड़ जमीन है।