तालबेहट (ललितपुर)। नगर का कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय वार्डन एवं शिक्षकों की वर्चस्व की जंग का अखाड़ा बनता जा रहा है। पिछले दिनों विद्यालय में हुए विवाद के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा बनाई गई तीन सदस्यीय टीम ने सोमवार को विद्यालय जाकर पूरे मामले की जांच की और विद्यालय में मौजूद स्टाफ से जानकारी ली।
नगर की सीमा पर ग्राम तरगुवा में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बनाया गया। विद्यालय निर्माण से लेकर आज तक सुर्खियों का केंद्र रहा। पिछले दिनों यहां पर अध्यापिकाओं और वार्डन में विवाद हो गया था।
दोनों ने एक दूसरे पर कई आरोप लगाए थे, जिसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी जखौरा एलएन शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी तालबेहट बृजेश कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी बार संतोष वर्मा की तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई थी।
सोमवार को जांच समिति ने मौके पर आकर विद्यालय में मौजूद लोगों से जानकारी ली और उनके बयान अंकित किए। इस संबंध में जांच समिति के सदस्य एलएन शर्मा ने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर वह लोग जांच करने आए थे। जांच में प्रथम दृष्टया कई लोग दोषी नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जांच समिति शीघ्र ही पूरी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंप देगी।
वहीं, इस संबंध में जब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसपी यादव से मोबाइल फोन पर बात कर उनका पक्ष लिया तो उनका कहना था कि वह बाहर से आए है। उन्हें इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद उन्होंने कल बात करने की बात कहते हुए फोन काट दिया।
महिला होमगार्ड से हुआ विवाद
सोमवार को जब तीन सदस्यीय जांच समिति विद्यालय में आई थी उसी के कुछ समय पहले एक महिला होमगार्ड और स्टाफ में काफी विवाद हुआ। इसके बाद कुछ समय के लिए विद्यालय में हड़कंप सा मचा रहा। बाद में किसी ने कोतवाली पुलिस को विवाद की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस भी गई ।