कई ग्रामों की जमीन खरीदने को लेखपालों की टीमें गठित
ललितपुर। जिलाधिकारी ने हवाई अड्डे के निर्माण की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न ग्रामों की भूमि खरीदने के लिए लेखपालों की टीमें गठित कर दी हैं।
प्रस्तावित हवाई अड्डा के निर्माण के लिए जमीन खरीदने एवं प्रभावित होने वाले ग्रामों में सिवनी खुर्द, ललितपुर हद बाहर व अंदर, चंदेरा, रौंड़ा और सिलगन शामिल है। यहां के किसानों से भूमि खरीदने के लिए उनकी सहमति प्राप्त करने को लेखपालों की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। प्रस्तावित हवाई अड्डे में ग्राम सिवनीखुर्द एवं ललितपुर हद बाहर व अंदर निवासरत सर्वाधिक व्यक्ति प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए भूमि खरीदने के लिए ग्राम सिवनीखुर्द एवं ललितपुर हद बाहर व अंदर में लेखपालोें की पांच- पांच टीमें गठित की गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जिस किसान की जमीन खरीदी जानी है, उसी व्यक्ति को ही मुआवजा मिले। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित सभी ग्रामों की भूमि पर स्थित परिसंपत्तियों जैसे भवन, पेड़-पौधे, कुएं, हैंडपंप आदि का मूल्यांकन कर आगे की कार्रवाई करें। प्रभावित क्षेत्र में बंधियां, जिनका मूल्यांकन नहीं किया गया है, उनका मूल्यांकन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मौके पर अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई द्वारा अवगत कराया गया कि प्रभावित होने वाले क्षेत्र में 31 बोरिंग व 17 कुएं मौजूद है। इनका मूल्यांकन लगभग 63 लाख 45 हजार रुपये होता है। डीएम ने स्थलीय सत्यापन करते हुए विद्युत लाइन की शिफ्टिंग कराने के निर्देश दिए।
इतने भवन हो रहे प्रभावित
ग्राम सिवनीखुर्द में 77 भवन एवं ललितपुर हद बाहर व अंदर 25 भवन एवं ग्राम चंदेरा में सात भवन प्रभावित हो रहे हैं। इनका मूल्यांकन कर लिया गया है। प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि प्रभावित भूमि पर स्थित फलदार वृक्षों का मूल्यांकन कर लिया गया है
भूमि की खरीद फरोख्त व निर्माण पर लगाई रोक
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की भूमि की खरीद फरोख्त नहीं की जाएगी। प्रभावित होने वाले क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा ऐसा किया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।