ललितपुर। महिला होमगार्ड के सूने मकान को शनिवार रात चोरों ने निशाना बनाया और मकान मालिक सहित किरायेदार के कमरे में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चुरा ले गए। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
महिला होमगार्ड कल्पना संज्ञा ने बताया कि मोहल्ला चांदमारी स्थित वसुंधरा कॉलोनी में उसने नया मकान बनवाया है। इस मकान में एक महीने से कस्बा जखौरा निवासी आशा जैन किराए पर रहती है। वह शहर के अंदर स्थित दूसरे मकान में रहती है, जबकि नए मकान में अपना घरेलू सामान और जेवरात और नकदी रखी थी।
कल्पना ने बताया कि उसकी किरायेदार आशा जैन रविवार को अपने भाई के घर चली गई थीं, जबकि वह अपने शहर वाले घर में थी। रविवार देर रात चोरों ने उसके सूने मकान के ताले चटकाए और कमरों में पहुंच गए।
यहां उसके व किरायेदार के कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ा और नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह जब कल्पना अपने मकान पर पहुंची तो ताले टूटे मिले।
घर के अंदर गई तो देखा कि किरायेदार के कमरे का ताला भी टूटा पड़ा था। अलमारी व पलंग पेटी के अंदर का सामान बिखरा पड़ा हुआ था। बाद में किरायेदार आशा जैन भी मौके पर पहुंची।
कल्पना संज्ञा ने बताया कि चोर चांदी की पायल, बिछिया, सोने की अंगूठी सहित करीब 350 ग्राम चांदी और घर में रखी नकदी चोरी कर ले गए।
वहीं, महिला किरायेदार आशा जैन ने बताया कि चोर उसके कमरे में रखी करीब चार किलो की चांदी की ईंट, आधा किलो चांदी की पायल बिछिया, सोने के दो मंगलसूत्र, सोने की दो अंगूठी के साथ अन्य जेवरात व करीब डेढ़ लाख रुपये चोरी कर ले गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि जांच की जा रही है।