संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिचालन एवं बिजनेस डेवलपमेंट के अतिरिक्त सदस्य एवं मंडल रेल प्रबंधक झांसी ने शनिवार को ललितपुर रेलवे स्टेशन एवं उदयपुरा रेलवे साइडिंग का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण में मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे स्टेशन पर नए स्टेशन भवन का एनआई कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे स्टेशन पर अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया।
परिचालन एवं बिजनेस डेवलपमेंट के अतिरिक्त सदस्य डाॅ. मनोज सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक झांसी अनिरुद्ध कुमार शनिवार को सुबह दस बजे ललितपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां मंडल रेल प्रबंधक ने अन्य मंडलीय अधिकारियों के साथ प्लेटफार्म एक, दो व तीन पर साफ सफाई और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्लेटफार्म पर कैंटीन पर जाकर उनके पंजीकरण के कागजात देखे और कचरा डस्टबिन से बाहर पड़े होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने नए स्टेशन भवन का निरीक्षण कर उसमें नॉन इंटरलॉकिंग के कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बारह मीटर चौड़े फुटओवरब्रिज का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही नेहरूनगर से स्टेशन के बाहर के लिए निर्माणाधीन फुटओवरब्रिज का निरीक्षण किया और यहां उन्होंने प्लेटफार्म पर मिट्टी पड़े होने पर नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को मिट्टी हटाने और गुणवत्तापूर्ण व समय से कार्य करने के निर्देश दिए। इसके बाद परिचालन एवं बिजनेस डेवलपमेंट के अतिरिक्त सदस्य व मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यकारी निदेशक बिजनेस डेवलपमेंट राकेश रोशन और निदेशक बिजनेस डेवलपमेंट डॉ.जितेंद्र कुमार एवं मुख्यालय से आए प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक शरद चंद्रायण के साथ उदयपुरा रेलवे स्टेशन का भ्रमण कर विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने एलपीजीयू साइडिंग का भी निरीक्षण किया, जहां बैगन इंटरचेंज पॉइंट, गार्ड-चालक रनिंग रूम, पैनल रूम, एवं बैगन ट्रिपलर की कार्यप्रणाली का सूक्ष्म परीक्षण किया। इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नंदीश शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नीरज भटनागर, मंडल परिचालन प्रबंधक उर्वशी कुमारी, स्टेशन प्रबंधक डीके चतुर्वेदी, सीसीआई संजय चौबे आदि उपस्थित रहे।