- नियम विरुद्ध स्थानांतरण करने का आरोप, डीएम को संबोधित प्रार्थनापत्र एसडीएम को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा के चिकित्सा अधीक्षक एक बार फिर से अधीनस्थ कर्मचारी के उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। जिनपर आईसीटीसी परीक्षणशाला के कार्मिक ने नियम विरुद्ध स्थानांतरण किए जाने को लेकर मानसिक उत्पीड़न करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आईसीटीसी केंद्र पर तैनात लैब टेक्नीशियन पवन कुमार ने जिलाधिकारी को संबोधित एक शिकायती पत्र उपजिलाधिकारी मड़ावरा को सौंपा, जिसमें बताया कि चिकित्सा अधीक्षक ने विगत 21 अप्रैल को नियम विपरीत उसका स्थानांतरण नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा पर कर दिया गया, जहां आईसीटीसी सेंटर संचालित नहीं होता है। कार्मिक का आरोप है कि अधीक्षक से जब उक्त स्थानांतरण अनियमितता की बात की गई, तो उन्होंने स्थानांतरण रोकने के लिए अवैध धन की मांग का भी आरोप लगाया है। कार्मिक का आरोप है कि अधीक्षक ने स्वास्थ्य केंद्र में तैनात कार्मिकों से अवैध धन वसूली कर उनका शोषण किया जा रहा है, सभी कर्मचारी परेशान हैं। पूरे प्रकरण की दूसरे विभाग के सक्षम अधिकारी जांच कराए जाने की मांग उठाई है।
-
तत्कालीन डीएम की संस्तुति पर किया जा चुका है स्थानांतरण
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश की विवादित कार्यशैली एवं उन पर महिला कार्मिकों के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद चिकित्सा अधीक्षक का मड़ावरा से दो बार स्थानांतरण कर दिया। पहली बार गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी अमनदीप दुली की संस्तुति पर डॉ. अविनाश को मड़ावरा से हटाकर आयुष्मान भारत योजना का नोडल अधिकारी बना दिया गया। लेकिन जिलाधिकारी का स्थानांतरण होते ही सीएमओ ने वापस मड़ावरा भेज दिया, फिर कुछ माह बाद एक अन्य महिला कार्मिक की शिकायत करने पर उन्हें मड़ावरा से हटाकर मुख्यालय संबद्ध कर दिया गया था, बाद में फिर चिकित्सा अधीक्षक का प्रभार सौंप दिया गया।
एक ही तारीख को जारी हुए तीन आदेश
पीड़ित कर्मचारी पवन कुमार ने बताया कि बीते 21 अप्रैल को चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय से तीन अलग-अलग प्रकार के आदेश जारी किए गए, जिनमें काफी विरोधाभास है। पहले आदेश में पवन कुमार समेत तीन एलटी का स्थानांतरण मदनपुर, डोंगराखुर्द एवं गौना के लिए किया गया, वहीं, अगले आदेश में उन्हीं एलटी की दो-दो दिन की ड्यूटी मड़ावरा सीएचसी पर लगाई गई, फिर उसी तारीख में जारी अगले आदेश में चार एलटी को ट्रूनोट मशीन पर कार्य करने के लिए अलग-अलग दिन ड्यूटी लगा दी गई।
प्रमुख सचिव एवं अन्य उच्चाधिकारियों ने विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान एलटी विहीन नवीन स्वास्थ्य केंद्रों पर अतिरिक्त एलटी को भेजने के निर्देशों के क्रम में स्थानांतरण किया है। कर्मचारियों ने आदेश की प्रति फाड़ दी गई, अवैध धन की मांग एवं उत्पीड़न के समस्त आरोप बेबुनियाद हैं। उनकी इस कार्यप्रणाली के संबंध में अवगत कराया जाएगा।
डॉ अविनाश, चिकित्सा अधीक्षक मड़ावरा