तालबेहट (ललितपुर)। थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम पूराविरधा से लगभग तीन माह पहले अपह्रत हुए बालक को पूराकलां पुलिस ने थाना जखौरा क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में पिता के पास से बरामद किया। पुलिस ने मासूम को उसकी मां को सौंप दिया। मासूम को देखते ही मां की आंखों में खुशियों के आंसू भर आए।
लगभग तीन माह पूर्व पूराविरधा निवासी गंगाराम का नौ वर्षीय पुत्र राघवेंद्र अचानक गायब हो गया था। जिसमें उसकी मां ने एक रिश्तेदार बंदू लोधी निवासी पूराविरधा पर मासूम के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। वह जीजा का भाई है। इस मामले में आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस समय वह जमानत पर है। पीड़ित पक्ष इस मामले में अपह्रत की तलाश के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे।
नत्थीखेड़ा चौकी प्रभारी पंकज माथुर ने बताया कि जब उन्होंने पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की तो यह मामला पति-पत्नी के बीच विवाद का नजर आया। जब मामले में अपह्रत बालक की तलाश शुरू हुई तो मासूम थाना जखौरा अंतर्गत एक गांव में अपने पिता के पास ही मौजूद मिला। जिस पर पुलिस ने उसे बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।