ललितपुर। सीमा पर तनाव के चलते रेलवे द्वारा स्टेशन, ट्रैक और ब्रिजों की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। इसके लिए रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी व सिविल पुलिस के साथ ही आरपीएसएफ की तैनाती भी की गई है। आरपीएफ, जीआरपी द्वारा रेलवे ट्रैक की पेट्रोलिंग के दौरान निगरानी भी की जा रही है।
वहीं आरपीएफ द्वारा ललितपुर रेलवे स्टेशन समेत इस सेक्शन के अन्य सभी 21 स्टेशनों पर भी दो-दो स्टाफ की तैनाती की गई है। जबकि जीआरपी और आरपीएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन पर पैदल मार्च कर चेकिंग की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ के साथ ही संदिग्ध सामानों की तलाशी भी ली जा रही है। इसके साथ ही आरपीएफ द्वारा रेलवे के ब्रिजों की निगरानी के लिए जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा आरपीएफ और जीआरपी द्वारा संयुक्त रूप से रेल लाइन के किनारे गश्त करने के साथ ही लाइन के किनारे बसे ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंचकर ग्रामीणों को जागरूक भी किया जा रहा है।
शनिवार को ग्राम दैलवारा में पहुंचकर जीआरपीएफ और आरपीएफ ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दें तो उन्हें इसकी सूचना दें और डरने की आवश्यकता नहीं है। वहीं जीआरपी व आरपीएफ द्वारा ट्रेनों में पेंट्रीकार में ज्वलनशील पदार्थों, गैस सिलिंडर आदि की चेकिंग भी जा रही है, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।