ललितपुर। राजकीय इंटर कॉलेज के 877 छात्रों की अंक तालिका पर अंक प्रदर्शित न होने से उन्हें महाविद्यालयों में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। विद्यालयों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रितिक शुक्ला मोंटी के नेतृत्व में कार्यकर्ता और राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों का लगातार चौथे दिन भी नगर पालिका परिसर में धरना प्रदर्शन जारी रहा।
राजकीय इंटर कॉलेज के इंटरमीडिएट के 877 छात्रों की अंक सूची में अंक प्रदर्शित नहीं होने से एनएसयूआई और छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। छात्रों के सामने प्रवेश की समस्या खड़ी हो गई है। छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला द्वारा पत्र उच्च शिक्षा निदेशक के लिए जारी हुआ था, जिसमें बताया गया है कि जिन छात्रों के अंक पत्र पर अंक अंकित नही हैं, उन छात्रों को आगे महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश दिया जाए, लेकिन छात्रों ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया तो छात्रों से अंक मांगे जा रहे हैं, बिना अंकों के अंकपत्र से छात्र बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन भी नही कर पा रहे हैं।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित यादव ने कहा कि छात्र लगातार 23 दिनों से आंदोलन कर अधिकारियों को समस्याओं के बारे में बता रहे हैं, लेकिन प्रशासन अनदेखी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या हल नहीं हुई, तो जिला प्रशासन का घेराव करेंगे। छात्र सुंदरम राठौर ने कहा कि स्नातक में प्रवेश लेने के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त है, लेकिन अंक तालिका में नंबर अंकित नहीं हुए हैं, जिससे 877 छात्रों को महाविद्यालय में प्रवेश नहीं मिल पाएगा। धरना प्रदर्शन में एनएसयूआई जिला महासचिव शिवांश तिवारी, यूथ कांग्रेस जिला महासचिव शुभम शुक्ला, यूथ जिला उपाध्यक्ष रोहित कुशवाहा, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष दीपक चौहान, यूथ कांग्रेस जिला सचिव सौरभ रैकवार, अनुभव तिवारी, अनुराग सिरोठिया, संस्कार कुशवाहा, प्रिंस गोस्वामी, पीयूष चतुर्वेदी, हम्मीर सिंह, भूपेंद्र, अखिलेश राजपूत, लवकुश राजपूत, सौरभ राजपूत, विशाल सिंह, राहुल यादव, अजय राजपूत, पीयूष, अवतार, रितिक यादव, विशेंद्र यादव, कृष्णकांत राजपूत, अक्षय यादव, अंकित यादव, आनंद झा, पीयूष चतुर्वेदी, ऋषभ यादव, इंद्रजीत, निहाल कुशवाहा, रामजी पाटकर, अमित कुमार आदि छात्र मौजूद रहे।