बारिश के पानी से बचाने के लिए कच्चे मकान की दीवार पर डाली गई पॉलीथिन।
- फोटो : LALITPUR
बार(ललितपुर)। पिछले दो दिन से कस्बा एवं उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में हो रही बरसात के कारण क्षेत्र के कई गांव में आधा दर्जन से अधिक मकान गिर गए हैं। पीड़ितों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
ब्लॉक बार अंतर्गत क्षेत्र में दो दिन से हो रही लगातार बारिश के कारण कस्बा बार के अलावा आसपास के गांव में कई मकान गिर गए। इससे लोगों के रहने का संकट हो गया है। कस्बा बार में बस स्टैंड के पास रहने वाले बीरन का पक्का मकान गिर गया। ग्राम धमना निवासी नन्नू लाल का मकान भी जो कि खपरैल था, वह भी गिर गया। गनीमत रही कि उसकी भैंस बाल-बाल बच गई। पीड़ितों ने प्रशासन से मदद करने की गुहार लगाई है।
-----
कच्चे मकानों पर तिरपाल उपलब्ध कराने के निर्देश
महरौनी। क्षेत्र पंचायत धवारी, पड़वां की आबादी में बीते तीन दिनों की बारिश के चलते कच्चे मकान प्रभावित हुए हैं। ग्राम धवारी निवासी जंडेल सिह, रामसखी बढ़ई एवं शिवम के कच्चे घर हैं। इनमें जलभराव होने के कारण मकान पूरी तरह से गिरने की कगार पर पहुंच गए हैं। जंडेल सिंह के मकान की स्थिति अत्यधिक खराब है, इस घर में इनकी बहू रहती है और दस दिन पहले ही उसके यहां बच्चे का जन्म हुआ है। गांव में मकानों की स्थिति जानने के लिए खंड विकास अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का भी जायजा लिया। सचिव व प्रधान को तत्काल इनके कच्चे मकानों पर तिरपाल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए और एसडीएम को मकानों की स्थिति से अवगत कराने की बात कही, ताकि इन परिवारों को शासन से प्रदत्त कुछ राहत मिल सके। संवाद
बारिश में गिरा मकान- फोटो : LALITPUR