संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नेहरू नगर क्षेत्र में बने पोलिंग बूथ पर चौकी प्रभारी व भाजपा जिलाध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप था कि चौकी प्रभारी ने भाजपा का बस्ता उठाकर अपनी गाड़ी में रख लिया।
अहिल्याबाई इंटर कॉलेज में बने पोलिंग बूथ पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। प्रत्याशियों के समर्थक निर्धारित दूरी पर अपने बस्ते रखकर वोटरों की पर्ची व मतदान सूची में नाम खोजने में लगे थे। इसी दौरान वहां चौकी नेहरू नगर प्रभारी पहुंचे और उन्होंने भाजपा का बस्ता यह कहते हुए उठाकर अपनी गाड़ी में रख लिया कि वह निर्धारित दूरी पर नहीं रखा गया है। भाजपा समर्थक व चौकी प्रभारी के बीच कहासुनी होने लगी। इसी बीच भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन भी मौके पर पहुंच गए, उनमें व चौकी प्रभारी के बीच नोकझोंक हुई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और उन्होंने भाजपा का बस्ता दिलाकर मामला शांत कराया। बताया जा रहा है कि भाजपा ने इसकी शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों से की है।
चौकी प्रभारी नेहरू नगर, ने भाजपा के समर्थकों से बस्ता उठाकर अपनी गाड़ी में रख लिया था। उनका कहना था कि भाजपा वाले पोलिंग बूथ से निर्धारित दूरी पर नहीं बैठे थे, जबकि उनके कार्यकर्ता निर्धारित दूरी पर ही बस्ता रखकर बैठे थे। जब उन्होंने चौकी प्रभारी से बस्ता उठाने का विरोध जताया तो वह उनके साथ भी कहासुनी करने लगे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बस्ता वापस कराया।
राजकुमार जैन, जिलाध्यक्ष, भाजपा