तीन सेफ हाउस बनाए गए, हेलीपेड से कार्यक्रम स्थल तक रहेगी विशेषज्ञों की निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को ललितपुर आएंगे। उनके दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के मद्देनजर तीन सेफ हाउस बनाए गए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के लिए 13 चिकित्सकों, चार फार्मासिस्ट समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है।
सीएम के आगमन को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने चिकित्सकों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इमरजेंसी सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है तथा सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थलों पर तीन अलग-अलग मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। प्रत्येक टीम में एनेस्थेटिस्ट, फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक सर्जन, पैथोलॉजिस्ट, फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय शामिल हैं। इनमें एक टीम पुलिस लाइन, दूसरी कार्यक्रम स्थल और तीसरी मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में तैनात रहेगी।
इसके अलावा हेलीपेड पर भी एक विशेष टीम तैनात की गई है, जिसमें एक सर्जन, एक फार्मासिस्ट और एक वार्ड बॉय शामिल है। यह टीम मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं संभालेगी।