तालबेहट। जहां प्रदेश सरकार अपराधियों पर लगाम कसने का दम भर कर रही हैं। वहीं, दूसरी ओर इन दिनों अपराधों और अपराधियों का बोलबाला बढ़ता जा रहा है। हाथरस में गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद समाज की महिलाओं ने जमकर प्रदर्शन किया। बाद में बाल्मीकि सेवा समिति ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी अनिल कुमार को देकर आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई मांग उठाई।
हाथरस में बेटी के साथ हुए कांड को लेकर प्रदेश में काफी तनाव का माहौल हैं। आरोपियों ने जिस निर्ममता से घटना को अंजाम दिया वह और भी घृणित हैं। घटना के विरोध में राजनैतिक दल और समाजसेवी सड़कों पर आने लगें हैं। जिसके चलते बृहस्पतिवार को वाल्मीकि समाज की महिलाओं ने हाथों में तख्ती लेकर नगर की सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
वहीं, वाल्मीकि सेवा समिति के तत्वाधान में उपजिलाधिकारी को एक ज्ञापन देकर उक्त मामला फास्ट ट्रैक में चलाने, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने, पीड़ित के परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा एक करोड़ की सहायता राशि दिलाने, हाथरस के डीएम और एसपी को बर्खास्त करने की मांग रखी। ज्ञापन पर संजय कुमार, मीनू वाल्मीकि, सुशील कुमार, अर्जुन, जितेंद्र आदि के हस्ताक्षर बने हैं।