ललितपुर। जीएसटी की लखनऊ टीम ने विगत दिनों विघा महर्रा से 27 ट्रकों को पकड़ा था, जिसमें से 15 ट्रकों को झांसी व 12 ट्रकों की जांच ललितपुर प्रवर्तन विभाग को सौंपी थी। आठ ट्रकों में लदा माल बिलों के अनुरूप पाया गया, इन बिलों के सत्यापन के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था। वहीं, चार ट्रकों पर लदा माल बिल के अनुरूप नहीं था। इनसे 30 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
लखनऊ से आई जीएसटी विभाग की टीम ने ललितपुर-झांसी रोड पर धरपकड़ अभियान चलाया था। विघा महर्रा स्थित टोल प्लाजा पर 27 वाहनों को जब्त किया गया था, जिसमें 12 वाहनों की जांच जनपदस्तर के अधिकारियों को सौंपी गई थी। आठ वाहनों का माल बिल के अनुसार सही पाया गया। बाकी चार वाहनों के जो बिल दिए गए, उनके अनुसार वाहनों में माल नहीं लदा था।
सहायक आयुक्त नीरज शुक्ला ने जीएसटी चोरी पर उक्त फर्मों से 30 लाख रुपये का अर्थदंड वसूला। साथ ही ट्रांसपोर्टर दीपक रोड लाइंस, बीआरएल एक्सप्रेस व मऊरानीपुर ट्रांसपोर्ट को नोटिस जारी किए हैं। सहायक आयुक्त ने बताया कि सभी फर्म संचालकों व वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि वह आगे से जीएसटी चोरी करते पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।