ङोगराखुर्द(ललितपुर)। जिले के गौना गांव में एक हफ्ते से बुखार फैला है। तकरीबन सौ लोग बुखार से पीड़ित हैं। इसके बाद भी न तो स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची है और न ही पीएचसी में डॉक्टर की तैनाती की गई।
नाराहट क्षेत्र के गांव गौना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती न होने के कारण करीब एक माह से पीएचसी बंद है। जिससे ग्रामीणों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। बीमारी की स्थिति में मरीजों को उपचार के लिए या तो जिला मुख्यालय तक आना पड़ रहा है या आसपास में मौजूद प्राइवेट डॉक्टरों का सहारा लेना पड़ रहा है। आलम यह है कि अभी भी इस गांव में करीब सौ लोग बुखार से कराह रहे हैं लेकिन डॉक्टरों की टीम अभी तक नहीं पहुंची। इस संबंध में बीते सप्ताह सीएमओ ने कहा था कि डॉक्टरों की कमी के कारण सभी जगहों पर पोस्टिंग कर पाना संभव नहीं है स्टाफ मिलते ही पीएचसी पर तैनात कराया जाएगा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पीएचसी में डॉक्टर एवं अन्य स्टाफ की तैनाती कराने और गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर मरीजों का उपचार करवाने की मांग की है।
-----------
एक महीने से डॉक्टर के अभाव में सीएचसी बंद है। गांव में करीब सौ से अधिक मरीज अभी भी बुखार से परेशान हैं। सूचना के बाद भी स्वास्थ्य विभाग टीम गांव नहीं पहुंची और न ही कोई डॉक्टर तैनात किया गया।
पदम पटेल, प्रधान गौना