ललितपुर। गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज कराने के लिए जिले की गौना वन रेंज में पौधरोपण प्रारंभ हो गया। यह कार्य आठ नवंबर तक चलेगा। शनिवार को डीएम सहित विभिन्न अधिकारियों ने पौधरोपण किया व उसके गवाह भी बने। सुबह 8.30 बजे चीमना वन क्षेत्र में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के रिप्रजेंटेटिव हरीहरन अय्यर और सुशांत सेठी के निर्देशन में पौध वितरण आरंभ हुआ। चीमना वन क्षेत्र को 22 ग्रिडों में बांटते हुए पौध वितरण की वीडियोग्राफी और मशीन के माध्यम से गणना कराई गई। सभी स्थानों पर विभिन्न काउंटर स्थापित किए गए थे, जहां से पौध वितरण का कार्य हुआ। दोपहर तीन बजे तक वितरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया। इस दौरान 1.21 लाख पौधों का वितरण किया गया।
इसके बाद गिनीज बुक ऑड वर्ल्ड रिकार्ड के रिप्रजेंटेटिव ने पूरे क्षेत्र की मॉनीटरिंग की। डीएम डा. रूपेश कुमार ने ग्राम चीमना में पौधा रोपकर इतिहास रचने की शुरुआत की। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक अमर कुमार, वन संरक्षक झांसी देवेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी ए के उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी एम के त्रिवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सत्येंद्र कुमार, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक सुरेश चंद्र मिश्र, उपायुक्त मनरेगा नरेंद्र द्विवेदी एवं सीओ नाराहट ने भी पौधरोपण किया।
प्रदेश में रोपे जाने वाले दस लाख पौधों में से ललितपुर की भागीदारी 1/8 है। इस मौके पर किसान इंटर कालेज बिरधा के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा, अध्यापक, एमएसडी कालेज पाली के विजय एडवोकेट, 15 अध्यापक और कालेज के बच्चों ने पौध वितरण व रोपण में अपनी भागीदारी जताई। बच्चों ने जागरूकता रैली भी निकाली।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आल्हा प्रसाद निरंजन, ग्राम चीमना, मामदा, चंदेरा, बालाबेहट, डुंगरियां, बरेना, पड़ना, डोंगरा व गौना के श्रमिक मौजूद रहे। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वीके जैन ने आभार प्रकट किया। उनका कहना है कि रविवार को लक्ष्य के सापेक्ष शत- प्रतिशत पौधरोपण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।