ललितपुर। कोरोना काल के बाद अब ट्रेनों में जनरल टिकट की बिक्री एक बार फिर से शुरू हो गई है। 27 जून को पहले दिन ललितपुर से दो हजार टिकटों की ब्रिकी की गई। हालांकि अभी अप रूट की सभी ट्रेनों में यह व्यवस्था शुरू हो गई है, जबकि डाउन रूट की ट्रेनों में सदर्न एक्सप्रेस, चेन्नई-लखनऊ, प्रतापगढ़ एवं कुशीनगर में ही यह व्यवस्था शुरू हो सकी है।
कोरोना काल के दौरान ट्रेनों में जनरल टिकट की बिक्री पूरी तरह बंद कर दी गई थी और जनरल कोचों में भी आरक्षण व्यवस्था जारी कर दी थी, ताकि लोगों को कोरोना के चलते सामाजिक दूरियों का पालन कराया जा सके। अब कोरोना काल से राहत मिलने के बाद भी ट्रेनों के जनरल कोचों में जनरल टिकट की बिक्री शुरू नहीं हो सकी थी। हालांकि बीते कुछ माह पूर्व पैसेंजर ट्रेनों में जनरल टिकट दी जाने लगी थी, बाकी किसी भी एक्सप्रेस ट्रेनों में आरक्षण व्यवस्था ही जारी रही। अब रेलवे ने एक बार फिर से जरल टिकटों की बिक्री शुरू कर दी है, जिसके तहत 27 जून को पहले दिन ललितपुर रेलवे स्टेशन पर जनरल टिकट काउंटर पर दो हजार टिकटों की बिक्री हुई और इन टिकटों पर करीब 2600 यात्रियों ने यात्रा की। हालांकि रेलवे द्वारा अभी अप रूट की सभी ट्रेनों में जनरल टिकट की व्यवस्था लागू कर दी है, जबकि डाउन रूट की ट्रेनों में ललितपुर में ठहरने वाली सदर्न एक्सप्रेस, चेन्नई-लखनऊ एक्सप्रेस, भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस एवं कुशीनगर एक्सप्रेस में मंगलवार से जनरल टिकट की बिक्री की व्यवस्था लागू कर दी गई है। जबकि डाउन रूट की अन्य ट्रेनों में यह व्यवस्था एक जुलाई से पूरी तरह से लागू हो जाएगी। इसका कारण यह है कि उक्त ट्रेनों मेें जनरल कोचों में पहले से आरक्षण कराए गए हैं और जब आरक्षण टिकट पर जनरल कोचों की यात्रा पूरी हो जाएगी, तो उसके अगले दिन से जनरल टिकट की व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।