ललितपुर। गल्ला मंडी में हजारों टन गेहूं से भरे बोरे खुले में रखे है। बृहस्पतिवार को हुई बरसात में गेहूं गीला होता रहा, लेकिन जिम्मेदारों को इसकी कोई परवाह नहीं। कुछ जगह, पानी से बचाव को त्रिपाल आदि का इंतजाम किया गया, लेकिन वह नाकाफी है।
जिले में सूखे के कारण गेहूं का उत्पादन काफी कम हुआ हे। यही कारण है कि सरकारी खरीद केंद्रों पर किसानों की ज्यादा भीड़ नहीं देखी गई। सूखे के चलते बहुत से लोग जिले से पलायन कर गए हैं। लोगों को रोजी-रोटी का इंतजाम करने में परेशानी हो रही है। दूसरी ओर गल्ला मंडी में किसानों से खरीदा गया गेहूं टिन शेड के नीचे, खाली चबूतरों व खुले में रखा जा रहा है। बरसात से गेेहूं का कोई इंतजाम नहीं है।
बृहस्पतिवार को शहर में हल्की बारिश होने के कारण गेहूं गीला होता रहा। बारिश तेज नहीं होने से नुकसान ज्यादा नहीं हुआ। लेकिन, त्रिपाल आदि का इंतजाम पर्याप्त नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून जल्द आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में गेहूं को गीला होने से बचाने के लिए भी पर्याप्त इंतजाम करना जरूरी है।
गल्ला मंडी में खुले में रखा हुआ गेहूं व्यापारियों का है। गेहूं को गीला होने से बचाने का इंतजाम करना भी व्यापारियों की जिम्मेदारी है। मंडी प्रशासन द्वारा मंडी में सुरक्षा, सफाई और बिजली व्यवस्था कराई जाती है।
- अनिल कुमार
मंडी सचिव, ललितपुर।