ललितपुर। बीना की ओर से झांसी जा रही एक मालगाड़ी का हॉट एक्सल होने की वजह से शताब्दी समेत पांच ट्रेन घंटों लेट हो गईं। जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
बीना की ओर से झांसी की ओर जा रही एक मालगाड़ी का शनिवार की दोपहर को करीब साढ़े तीन बजे हॉट एक्सल हो गया। जानकारी मिलने पर यातायात निरीक्षक डीके चतुर्वेदी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए, इसके बाद करीब ढाई घंटे बाद मालगाड़ी में आई खराबी को करीब शाम साढ़े बजे ठीक किया गया। इसकी वजह से शताब्दी, साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन समेत पांच ट्रेन पिछले स्टेशनों पर खड़ी हो गईं। इससे साबरमती ढाई घंटे तो शताब्दी एक घंटा 50 मिनट लेट रही।
यह जानकारी लगते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसकी वजह से ललितपुर रेलवे स्टेशन पर 19165 साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन शाम 4.19 बजे के स्थान पर शाम 7.00 बजे आई। जबकि 12001 शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन शाम 5.29 बजे के स्थान पर 7.20 बजे आई। इसी प्रकार अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन 6.39 बजे के स्थान पर आठ बजे ललितपुर रेलवे स्टेशन पहुुंची।
वहीं झांसी की ओर जाने वाली 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन भी 5.59 बजे के स्थान पर 7.40 बजे ललितपुर पहुंची। वहीं बीना से ललितपुर और ललितपुर से झांसी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी दो घंटे से अधिक समय तक लेट हो गई।
आगासौद और करौंदा रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार को साढ़े तीन बजे डाउन रूट की मालगाड़ी का हॉट एक्सल हो गया था, जिसे ठीक करने के बाद मालगाड़ी को आगे बढ़ाया गया। इसकी वजह से कुछ ट्रेन लेट हुई हैं, जिन्हें मालगाड़ी निकालने के बाद आगे बढ़ाया गया।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ झांसी।