संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले की पांचों तहसीलों के अंतर्गत उप जिलाधिकारियों के नेतृत्व में बनाई गई पांच टीमों की ओर से उर्वरक की 42 दुकानों पर छापामार कार्रवाई की गई। छापामारी में टीमों ने दस उर्वरकों के नमूने लिए और दुकानें बंद मिलने पर चार उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही एक से स्पष्टीकरण मांगा है।
प्रमुख सचिव कृषि ने सात अगस्त को आकस्मिक कार्रवाई और पीओएस मशीन में उपलब्ध स्टॉक का सत्यापन और नमूने लेने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत उर्वरक छापा अभियान के लिए सभी पांचों तहसीलों के अंतर्गत पांचों उपजिलाधिकारियों व कृषि विभाग के अधिकारियों की टीमें बनाई गईं। टीमाें ने कुल दस उर्वरक नमूने लिए। महरौनी तहसील में काव्या ट्रेडर्स, जेएस राजपूत, देना बीज भंडार और तिवारी खाद एंड बीज भंडार की दुकानें बंद पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही, तहसील पाली के ब्लॉक बिरधा मेंं स्थित प्रभांत एग्री जंक्शन (वन स्टॉप सेंटर) के द्वारा उर्वरकों का मनमाने ढंग से बेचने के मामले में स्पष्टीकरण मांगा है।
टीम में ये रहे शामिल -
तहसील ललितपुर में उपजिलाधिकारी ललितपुर,उपकृषि निदेशक अख्तर हुसैन, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक विकास मंडलोई, तहसील तालबेहट में उपजिलाधिकारी व जिला कृषि अधिकारी रंजीत कुमार चौरसिया, महरौनी में एसडीएम महरौनी व भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ.सरस कुमार तिवारी,तहसील मड़ावरा में उपजिलाधिकारी मड़ावरा व मृदा परीक्षण प्रयोगशाला अध्यक्ष गिरजेश कुमार और तहसील पाली में उपजिलाधिकारी पाली व अपर जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार की टीमों ने अपनी-अपनी निर्धारित तहसील क्षेत्रों में फटकर उर्वरक विक्रेताओं के कुल 42 प्रतिष्ठानों पर छापा मारा।