तालबेहट/भुचेरा। थाना पूराकलां अंतर्गत गांव चांदरा में दूषित तेल से बना खाना खाने से एक परिवार के पांच लोगों की हालत बिगड़ गई। सभी को रात में ही ग्रामीण उपचार के लिए सीएचसी तालबेहट लेकर आए। जहां उनकी हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय और वहां से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
रविवार को भाई दूज पर ग्राम चांदरा निवासी भूपेंद्र सिंह के यहां रात में अगौरा मध्य प्रदेश से आए रिश्तेदारों के लिए शाही दावत का कार्यक्रम था। जिसमें खाना बनाते समय दूषित तेल डाल दिया गया। रात में सभी ने खाना खाया। खाना खाने के बाद कुछ लोगों को उल्टी होने लगी। जिसके बाद तत्काल ग्रामीण उन्हें सीएचसी तालबेहट लाए। जहां उनकी हालत गंभीर होने पर सभी को जिला चिकित्सालय ललितपुर भेज दिया गया। रात में उनकी हालत में वहां सुधार न होने पर दो लोगों को गंभीर हालत में ही मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। जहां सभी का उपचार चल रहा है। बीमार लोगों में भूपेंद्र सिंह पुत्र किशोर सिंह, वीरपाल सिंह पुत्र किशोर सिंह, दीप्ति राजा पुत्री वीरपाल, बृजेंद्र सिंह पुत्र रामपाल सिंह, शिवप्रताप सिंह पुत्र बृजेंद्र सिंह शामिल हैं। दीप्ति और शिवप्रताप का उपचार झांसी में चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं गई गांव
प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दावे करता है, लेकिन दूषित खाद्य सामग्री के सेवन से पांच लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने की जानकारी के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में जाकर परिजनों से जानकारी करना उचित नहीं समझा।
पांच लोगों के दूषित खाद्य सामग्री के सेवन से बीमार होने की किसी ने कोई सूचना नहीं दी है। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक से बात करता हूं।
एसपी सिंह, उपजिलाधिकारी, तालबेहट