संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आग से सुरक्षा के लिए अब जनपद के विद्यालयों में नामित समिति अग्निसुरक्षा के उपाय देखेगी और मास्टर ट्रेनर विद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे आपदा की स्थिति में सभी मिलकर सुरक्षा के उपायों पर काम करेंगे।
अब विद्यालयों में आग से सुरक्षा भी की जाएगी। इसके लिए जनपद में समिति बनाई जाएगी। समिति में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बनेगी और इसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारी, अग्निशमन अधिकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहेंगे। यह समिति क्षेत्र के सरकारी, निजी और गैर सरकारी विद्यालयों को चिह्नित करेगी और इनमें अग्निसुरक्षा के उपायों को देखेगी। इसके साथ में आपदा विभाग से जुड़े विभागों से समन्वय बनाकर मास्टर ट्रेनर के जरिये विद्यालयाें के छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण की व्यवस्था कराएगी। छात्र-छात्राओं के साथ साथ शिक्षकों और विद्यालय के अन्य कर्मचारियों को भी प्रशक्षित किया जाएगा। शासन के निर्देश पर जनपद में इसकी कवायद शुरू कर दी गई है।
डीआईओएस ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि विद्यालयों में आग से सुरक्षा के इंतजाम और पुख्ता किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं व कर्मचारियों को आपदा के समय किस प्रकार से बचाव करना है, इसके लिए प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।