ललितपुर। बुंदेलखंड से मुंबई में कई सीरियल व फिल्मों में अभिनव कर चुके कलाकारों द्वारा अब ललितपुर में पकड़ फिल्म की शूटिंग की जाएगी। इसमें बुंदेलखंडी कलाकारों को भी मौका मिलेगा। यह फिल्म ग्रामीण परिवेश पर आधारित है और इसमें एक व्यक्ति ग्राम प्रधान द्वारा कोई कार्य नहीं किए जाने के चलते खुद ही सिस्टम में सुधार के लिए गलत तरीके को अपनाता है। इसके लिए वह प्रधान के एक बच्चे का अपहरण कर लेता है। इस फिल्म में अधिकांश बुंदेलखंडी कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। फिल्म के डायरेक्टर, ग्वालियर निवासी राकेश कुमार सोनी, राम भारतीय ने कलक्ट्रेट रोड स्थित एक होटल में मुुहूर्त कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें एक फिल्म मुझे कुछ कहना है के लिए खजुराहो उत्सव में अवार्ड भी मिल चुका है।
उन्होंने कहा कि जो फिल्म बनने जा रही है कि उसकी अधिकांश शूटिंग ललितपुर में ही होगी और यह फिल्म एक घंटा 47 मिनट की होगी। इसमें कुल छह गाने होंगे। इसमें कुछ कलाकार मुंबई के भी होंगे। इस फिल्म में बच्चे का किरदार महत्वपूर्ण होगा। वहीं फिल्म में कलाकार और ललितपुर के रहने वाले अशोक देवलिया ने बताया कि इस फिल्म में बुंदेलखंड के कलाकारों, खासकर ललितपुर के कलाकारों को मुख्य रूप से मौका दिया जाएगा, ताकि वह अपनी प्रतिभा बड़े मंच पर दिखा सकें। उन्होंने बताया कि जोधा अकबर, क्राइम पेट्रोल जैसे सीरियल में भी उन्हें काम करने का मौका मिला। जबकि इसके अलावा कई फिल्म व सीरियल में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।