ललितपुर। बीघाखेत टोल के पास सोमवार को सड़क पर जाम लगाए किसानों की शिकायत पर पीसीएफ भंडार नायक को तलब कर गोदाम में रखे खाद के स्टॉक को चेक किया गया तो करीब 300 मीट्रिक टन खाद कम मिली।
डीएम अन्नावि दिनेश कुमार के निर्देश पर आरोपी भंडार नायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जिले में खाद की किल्लत को लेकर चल रहे बवाल को बीच सोमवार को बीघाखेत टोल के पास किसानों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय एवं क्षेत्राधिकारी को किसानों ने बताया कि पीसीएफ केंद्र बीघाखेत से खाद वितरण समय से नहीं किया जा रहा है। एसडीएम ने भंडार नायक (केंद्र प्रभारी) रविभूषण कुशवाहा को मौके पर बुलवाया गया, जो शाम करीब चार बजे केंद्र की चाभी के साथ उपस्थित हुआ। एसडीएम ने बताया गया कि गोदाम खुलवाने पर यहां पर करीब 300 बोरी खाद प्राप्त हुई, जबकि प्रतिदिन 3000 से अधिक की रिपोर्टिंग की जा रही थी।
बताया कि केंद्र पर करीब 2200 मीट्रिक टन स्टॉक उपलब्ध था, जिसमें से 1900 मीट्रिक टन स्टॉक पैक्स को भेज दिया गया था। 300 मीट्रिक टन स्टॉक की उपलब्धता केंद्र पर होनी चाहिए थी, जो मौके पर नहीं पाई गई। एसडीएम ने बताया कि केंद्र प्रभारी प्रथम दृष्टया कालाबाजारी में लिप्त पाया गया, जिस पर डीएम अन्नावि दिनेशकुमार के निर्देश पर केंद्र प्रभारी रविभूषण कुशवाहा के विरुद्ध शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
डीएम ने उच्चस्तर पर की बात, आज एक रैक और आ जाएगी
ललितपुर। डीएम अन्नावि दिनेश कुमार ने बताया कि मंडलायुक्त अजय शंकर पांडेय व उनके द्वारा डीएपी खाद के लिए उच्चस्तरीय वार्ता खाद की व्यवस्था की जा रही है। बताया कि आईपीएल कंपनी का एक रैक जो देवरिया जा रहा था, शासन के निर्देशानुसार ललितपुर के लिए भेजा जा रहा है, जो मंगलवार तक आ जाएगा। उन्होंने कृषकों से कहा कि जनपद में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, साथ ही खाद के मूल्य पूर्ववत ही रहेंगे। वह किसी भी भ्रामक अफवाह पर ध्यान ना दें। इधर, जिला प्रशासन द्वारा रेलवे मंत्रालय से भी वार्ता की गई है, जिस पर काकीनाड़ा से आरपीएफ का आधा रैक भी जनपद के लिए आवंटित कर दिया गया है, जो शीघ्र ही आ जाएगा। ब्यूरो