ललितपुर। कोतवाली महरौनी क्षेत्र के ग्राम खितवांस में बेटे की ससुराल आए मध्य प्रदेश के जिला शिवपुरी के ग्राम मुहारीकलां निवासी रज्जाक (56) पुत्र नबाब की संदिग्ध परिस्थितियों में जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मध्य प्रदेश के जिला शिवपुरी के ग्राम मुहारीकलां निवासी रज्जाक बीते रोज शुक्रवार को दोपहर दो बजे घर से अपने बड़े बेटे जाबिर खान की ससुराल जनपद के ग्राम खितवांस जाने के लिए घर से निकला था। शाम को वह ग्राम खितवांस पहुंच गया और बेटे की ससुराल में उसका स्वागत किया गया। रात को मुर्गा रोटी बनाई गई। उन्होंने खाना खाया और सोने चले गए। रात करीब दो बजे उसे उबकाई होने लगी और हालत बिगड़ने पर वह अचेत हो गया। यह देख परिजनों ने 108 एंबुलेंस बुलाई और उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के छोटे भाई अली बख्स ने बताया कि रज्जाक अपने बड़े बेटे की ससुराल में ग्राम खितवांस गए थे। जहां उसकी अचानक तबियत खराब होने के बाद जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। रज्जाक के तीन बेटे और एक बेटी है और वह छह भाई व एक बहन में पांचवें नंबर का था।