ललितपुर। जनपद के जो किसान पहले कम बारिश होने से परेशान थे वहीं अब अतिवृष्टि ने उनको गंभीर आर्थिक क्षति पहुंचाई है। जिले में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की खरीफ फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में अत्यधिक जलभराव के कारण उड़द, सोयाबीन और मूंगफली जैसी फसलें बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई हैं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है और उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न किसान संगठनों और राजनीतिक दलों ने फसलों के सर्वे और आर्थिक सहायता की मांग की है।
सपा नेता गोविंद सिंह यादव ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को पत्र भेजा। उन्होंने फसलों का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में बानौली, रसाई, मनगुवां, राखचंपपुर, मिनौरा, ननौरा, बूचा, अंधियारी, दैलवारा, सतगता, नौहरकला, नौहरखुर्द, कराई, पंचौरी, मैनवारा, सिलगन, महरौनीखुर्द, सीरोंन, बसवां, देवरारा, इकलगुवां, करमुहारा, थनवारा, किसलवास, भरतपुरा, गुरसौरा सहित 25 गांवों में फसल क्षति का उल्लेख है। उन्होंने राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर शीघ्र मुआवजा दिलाने की अपील की।
00000000000
स्वामी ब्रह्मानंद ब्रिगेड ने क्षतिग्रस्त फसलों के सर्वेक्षण की मांग की
ललितपुर। स्वामी ब्रह्मानंद ब्रिगेड ने जनपद में लगातार बारिश से नष्ट हुई फसलों के सर्वेक्षण की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों को आर्थिक मदद दिलाने की अपील की। जिलाध्यक्ष देव सिंह राजपूत ने बताया कि जिले में करीब दस दिनों से बारिश हो रही है। इस लगातार वर्षा के कारण किसानों के खेतों में अत्यधिक जलभराव हो गया है। इससे उनकी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। किसानों को अब अगली फसल की बोआई और आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है। ब्रिगेड ने प्रशासन से जल्द-से-जल्द सर्वेक्षण कराकर किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। इस दौरान शशिकांत सिंह, आनंद सिंह, माधव सिंह और अनुराग सिंह भी उपस्थित रहे।
00000000000
प्रगतिशील किसान जन मोर्चा की मांगें
प्रगतिशील किसान जन मोर्चा ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल दुबे ने नष्ट हुई फसलों का सर्वे कराकर जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने आपदाग्रस्त किसानों को चिह्नित कर उन्हें मुआवजा देने पर जोर दिया। मोर्चा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा में ऋणी किसानों का प्रीमियम बैंक द्वारा काटने के बाद पोर्टल पर दर्ज न होने की विसंगति दूर करने को कहा। फसल नष्ट होने की शिकायतें भी पोर्टल पर दर्ज नहीं हो रही हैं। इस दौरान वीर सिंह लोधी, कैलाश नारायण, रामस्वरूप, दातार सिंह, विनोद, सोवरन सिंह यादव और निर्मल जैन मौजूद रहे।
00000000000
कांग्रेस ने भी उठाई आवाज
जखौरा। जखौरा विकासखंड क्षेत्र में भी अत्यधिक बारिश और जलभराव से खरीफ फसलों को नुकसान हुआ है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जखौरा के पदाधिकारियों ने विकासखंड अधिकारी को जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में उड़द, मूंग, सोयाबीन, तिल और मूंगफली सहित अन्य खरीफ फसलों के बड़े पैमाने पर नष्ट होने की जानकारी दी। कांग्रेस ने तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। फसलों के खराब होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। इस दौरान दीपक कुमार रायकवार, दयाराम विश्वकर्मा, हरी कुशवाहा, रामगुलाम, लालचंद्र अहिरवार, लाखन, बृजेश गुप्ता, नंद किशोर विश्वकर्मा, नेक सिंह उपस्थित रहे।