कलौथरा/बिरधा। बिरधा स्थित विद्युत सब स्टेशन के अंतर्गत सजनाम फीडर के किसानों ने बिजली नहीं मिलने से परेशान होकर सब स्टेशन पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। विभाग से उन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली दिलाने की मांग की।
बिरधा सब स्टेशन के अंतर्गत सजनाम फीडर के अंतर्गत आने वाले ग्रामीणों बृहस्पतिवार की दोपहर में सब स्टेशन पर पहुंचकर खेतों में सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली दिलाने की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। करीब दो घंटे से अधिक समय तक किसानों ने यहां प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि किसानों की सिंचाई का काम चल रहा है और किसानों को चौबीस घंटो में केवल दो से चार घंटे ही बिजली मिल रही है। जबकि किसानों का कहना है कि रात में बिजली दो फ़ेस पर कर दी जाती है। बीते दस दिनों दिनो से किसानों को केवल दो से चार ही घंटे बिजली मिल रही है, जिससे बिरधा क्षेत्र के किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने में अभियंता पर पैसे लेकर बिजली देने के आरोप भी लगाए हैं। बिरधा पावर हाउस पर आधा सेकड़ा किसानों ने जमकर नारेबाजी की और बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों को अभी बिजली की सख्त जरूरत है क्योंकि किसानों की फसल सूख रही है और किसानों को यदि बिजली नहीं मिलती है तो उनकी फसल बर्बाद हो जाएगी। किसानों ने बिजली विभाग से बिजली सुचारु रूप से दिए जाने की मांग की है।
कम बिजली मिलने से नलकूप से सिंचाई में आ रही दिक्कत
करीब दस दिनों से बिजली की काफी समस्या आ रही है। चौबीस घंटों में केवल दो से चार घंटे बिजली आ रही है, जिससे सिंचाई करने मे दिक्कत आ रही है। -स्थानीय किसान द्वारिका सलैया।
----------------
कम बिजली मिलने से दिन और रात में केवल बीस से तीस किलो की बोहनी की ही सिंचाई कर पा रहे हैं। जबकि हमारी फसल सिंचाई मांग रही है, अगर समय से सिंचाई नहीं होती है तो फसल सूख जाएगी। -रामदयाल पिपरिया पाली, किसान।
------------
.हमारी फसल सिंचाई न होने के कारण सूख रही है और बिजली का हाल यह है कि 24 घंटे में केवल पांच घंटे ही बिजली मिल रही है, जिससे फसल की सिंचाई में देरी होती जा रही है, जिससे फसल सूखने की चिंता सता रही है।
पृथ्वी पटेल, सलैया।
------------------
हम लोगों की फसल एक महीने की हो गई है और फसल को सिंचाई की सख्त जरूरत है, लेकिन बिजली न मिलने से फसल में पानी लेट होता जा रहा है। अगर सही बिजली नहीं मिलती है, तो हम लोग जिलाधिकारी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
-हरचरन पिपरिया पाली।
------------------
किसानों को बिजली नहीं मिलने से बहुत बड़ी समस्या सता रही है, क्योंकि किसानों की फसल सूख रही है। हमारी मांग है कि सजनम फीडर को सुचारु रूप से पर्याप्त बिजली दी जाए, जिससे किसानों की समस्या का समाधान किया जा सके।
-महेंद्र सलैया, किसान।
बिजली की ऐसी कोई समस्या नहीं है। बिजली अठारह घंटे मिल रही है और यहां पर तीन फीडर है, जिससे ओवरलोड की वजह से एक फीडर दो से तीन दिन के लिए कटौती की जा रही है। किसान अपनी समस्या लेकर नहीं आए थे, किसानों को पॉवर हाउस पर बुलाया था। त्रिलोकी मधेशिया, अवर अभियंता, विद्युत उपखंड बिरधा।