ललितपुर। यूपी हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए प्रवेश द्वार सहित प्रत्येक शिक्षण कक्ष, प्रश्नपत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं के रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम एवं उनके सीलिंग/ पैकिंग रूम में वाइस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएंगे। केंद्र व्यवस्थापकों को इसकी रिकार्डिंग कम से कम 30 दिनों तक रखनी होगी। विद्यालयों को दिशा निर्देश दिए गए हैं।
जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए अबकी 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पारदर्शितापूर्ण एवं नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए तमाम उपाय किए जा रहे हैं। इसमें वेबकास्टिंग द्वारा मॉनिटरिंग किए जाने के उद्देश्य से वाइस रिकार्डर युक्त दोनों ओर सीसीटीवी कैमरे, राउटर डिवाइस एवं हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन केंद्र व्यवस्थापकों को लगाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केन्द्र पर वाइस रिकॉर्डर सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर में रिकार्डिंग क्षमता कम से कम 30 दिनों तक की होनी अनिवार्य होगी। कोई भी परीक्षार्थी जमीन पर बैठकर परीक्षा नहीं दे पाएगा। परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं गोपनीयता रखे जाने तथा उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित एवं समुचित रख-रखाव के लिए कम से कम दो लोहे की डबल लॉक अलमारियां सहित स्ट्रॉग रूम की उपयुक्त व्यवस्था करना अनिवार्य है। विद्यालय के चारों ओर सुरक्षित चहारदीवारी एवं मुख्य प्रवेश द्वार पर लोहे के गेट की व्यवस्था करनी होगी। परीक्षा केन्द्र में अग्निशमन के संसाधनों, पानी की बाल्टी एवं रेत आदि की व्यवस्था अनिवार्य होगी। सभी अग्निशमन यंत्र नवीनीकृत एवं क्रियाशील होने चाहिए। परीक्षा केन्द्र पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था एवं छात्र/छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय अनिवार्य होगा । विद्यालय में स्थाई विद्युत व्यवस्था की जाएगी, इसके साथ ही परीक्षाओं के निर्वाध संचालन तथा निर्वाध वेबकास्टिंग हेतु वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था के लिए पृथक से जेनरेटर की व्यवस्था भी करना होगी। विद्यालय में एक सम्पूर्ण कंप्यूटर सिस्टम एवं दो दक्ष कंप्यूटर ऑपरेटर की उपयुक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर ने केंद्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है।