संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लोकतंत्र के महापर्व का हिस्सा बनने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह ही नहीं अधिकांश बूथों पर दोपहर में चिलचिलाती धूप में भी मतदाता पहुंचे। बूथ पर भीड़ होने के चलते टेंट के नीचे बैठकर बारी आने का इंतजार करते रहे।
सोमवार को मतदान शुरू होने से पहले ही मतदाता बूथ की ओर चल पड़े। सात बजे जैसे ही मतदान शुरू हुआ, मतदान केंद्रों पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई। दोपहर में तेज धूप से मतदाताओं को आवाजाही में भले ही समस्या हुई, लेकिन इसके बाद भी उनका हौसला नहीं डिगा। पूर्व माध्यमिक विद्यालय नदनवारा में दोपहर एक बजे भी भीड़ कम नहीं हुई। यहां कई महिलाएं पैदल तो कई अपने परिजनों के साथ वाहनों से मतदान केंद्र पहुंचीं। ब्लॉक तालबेहट के ग्राम जमालपुर स्थित मतदान केंद्र पर भी भीड़ रही। महिलाएं धूप से बचाव को छांव कर चलती नजर आईं। युवतियां भी दुपट्टे को सिर पर रख मतदान केंद्र की ओर जाती नजर आईं। पुरुष मतदाता सिर पर गमछा बांधकर तो कुछ ढककर चलते नजर आए।