तालबेहट। कोतवाली क्षेत्र में एक प्राइवेट क्लीनिक में उपचार कराने गई नाबालिग के साथ चिकित्सक एवं एक अन्य व्यक्ति द्वारा छेड़खानी करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में पीड़ित किशोरी की मां ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित किशोरी की मां ने पुलिस को बताया है कि उसकी नाबालिग पुत्री नए पूराकला बस स्टैंड के समीप झांसी रोड पर स्थित एक निजी क्लीनिक पर अपना इलाज कराने गई थी। जहां डॉक्टर इंजेक्शन लगाने के बहाने उसे अंदर ले गया। वहां पहले से एक और व्यक्ति भी मौजूद था। दोनों ने उसकी पुत्री के साथ गलत हरकतें शुरू कर दी। किसी तरह वह अपने घर पहुंची और अपनी मां को इसकी जानकारी दी। इस बात का उलाहना देने जब महिला के पुत्र अस्पताल गए तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।