ललितपुर। राजकीय बाल गृह बालक दैलवारा एवं राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) नेहरू नगर का मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं और संस्थाओं में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे सुचारु रखने और कंट्रोल रूम से नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थाओं में बच्चों को दी जाने वाली चिकित्सा, शिक्षा, खानपान, खेल, व्यायाम आदि सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। उनके कक्षों सहित रसोई व शौचालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थाओं की पंजिकाओं व पत्रावलियों का भी अवलोकन किया गया, जिस पर पाया कि देखा कि संस्थाओं में सीसीटीवी कैमरे संचालित हैं व बच्चों को नियमित रूप से पठन-पाठन, भोजन, व्यायाम, खेल आदि व्यवस्थाएं हैं। उन्होंने दोनों संस्थाओं के अधीक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और समय-समय पर बाल संरक्षण समिति द्वारा निरीक्षण किया जाए। ताकि बच्चों को कोई समस्या न हो। बच्चों को नियमित योग एवं व्यायाम कराया जाए। इसके अलावा बच्चों को हुनरमंद बनाने के लिए उनकी रुचि के अनुसार उनका कौशल विकास के तहत प्रशिक्षण दिलाने के भी निर्देश दिए। सीडीओ ने संबंधित को निर्देश दिए कि संस्थाओं में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे सुचारु रखें और कंट्रोल रूम से निगरानी भी कराएं। इसके साथ ही 24 घंटे गार्डों की ड्यूटी लगाई जाए। निरीक्षण के समय बीएसए रत्नेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह आदि उपस्थित रहे।