बार/पुलवारा। थाना बार अंतर्गत ग्राम पंचायत धनगौल में एक किसान करंट लगने से झुलस गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बार ले गए, जहां चिकित्सकों ने किसान को मृत घोषित कर दिया।
ग्राम धनगौल निवासी किसान गुलाब सिंह (45) पुत्र दयाली यादव सोमवार सुबह अपने मवेशियों के लिए खेत में लगी वरसीम को पानी दे रहा था। जबकि पास में ही उसी के खेत में मजदूर गेहूं की कटाई कर रहे थे। वरसीम में पानी देने के बाद वह वहीं नहाने लगा और नहाने के बाद जैसे ही उसने फसल में पानी देने वाली मोटर को बंद किया, तो अचानक बिजली का तार उसके हाथ में चिपक गया। जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा। खेत में काम कर रहे मजदूर और उसका पुत्र भागते हुये पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बार ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। बार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि मृतक का एक बेटा है।