ललितपुर। पंचायत चुनाव प्रेक्षक ने बैठक कर आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव प्रेक्षक/विशेष सचिव धर्मार्थ कार्य विभाग और सूचना विभाग बाबूलाल श्रीवास ने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की बैठक में कहा कि सभी जोनल मजिस्ट्रेट अपना रूट चार्ट देख लें, उसमें कितने मतदान केंद्र एवं मतदेय स्थल हैं।
इसके अतिरिक्त लोगों से चुनाव से संबंधित जानकारी प्राप्त करें। मतदेय स्थलों का भली भांति निरीक्षण कर लें कि मतदेय स्थल पर प्रकाश, पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त है या नहीं। डीएम डा. रूपेश कुमार ने कहा कि जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान के लिए वाहन की व्यवस्था कर लें। यही नहीं, सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट चुनाव के समय पूरे दिन भ्रमण करते रहें।
इस दौरान पीठासीन अधिकारियों के मोबाइल नंबर अपने पास अवश्य रख लें, जिन मतदान केंद्रों पर मतदान की समाप्ति के समय मतदाताओं की संख्या ज्यादा हो वहां पर लाइन के सबसे पीछे खड़े व्यक्ति की नंबरिंग कर लें, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने शराब बंदी के निर्देशों का सख्ती पालन करने, अति संवेदनशील केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराने और पांच बजे के बाद मतदान पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी एमके त्रिवेदी ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आदर्श आचार संहिता लागू करने की जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने पुलिस अधिकारियों की तैनाती के बारे में बताया। इस मौके पर सीडीओ अरुण कुमार उपाध्याय, उप जिलाधिकारी सदर रमेश चंद्र, उप जिलाधिकारी अमिताभ यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुरेशचंद्र मिश्र, डीसी मनरेगा नरेंद्र देव द्विवेदी, सहायक जिला निर्वाचन पंचायत अरुण कुमार सहित सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे।