ललितपुर। बारिश होने की वजह से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह फाल्ट होने के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। कहीं जंपर टूट गए तो कहीं ट्रांसफार्मर में खराबी हो गई। रविवार शाम को रोंड़ा स्थित 132 केवी पारेषण उपकेंद्र से 33 केवी लाइन ट्रिप हो गई, जिससे आपूर्ति ठप हो गई।
शनिवार की देर रात फीडर संख्या एक की बिजली बाधित हो गई। विभाग द्वारा बिजली चालू की गई तो फिर से मशीन ट्रिप हो गई। हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने के कारण आपूर्ति बाधित रही। वहीं, सुबह कुछ देर के लिए बिजली आई, जो फिर से चली गई और रविवार दोपहर एक बजे तक आपूर्ति सुचारु हो सकी। इससे उपभोक्ताओं को पानी की मोटरें नहीं चलने से पेयजल एवं अन्य बिजली आधारित कामों के लिए परेशान होना पड़ा। वहीं, फीडर संख्या पांच, फीडर चार और गोविंद नगर फीडर के तहत कई जगह जंपर टूट गए, जिससे उपभोक्ताओं को शनिवार रातभर परेशान होना पड़ा। चंडीमाता मंदिर फीडर के अंतर्गत भी कई जगह ट्रांसफार्मरों पर फेज टूटने की समस्या आई, जिससे घंटों बिजली समस्या से जूझना पड़ा।
वहीं, फीडर संख्या पांच के अंतर्गत डैम रोड पर भी रातभर बिजली की आवाजाही से उपभोक्ता परेशान रहे। वहीं, बिरारी राशन फीडर के अंतर्गत शनिवार की रात में बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जो रातभर ठप रही। कर्मचारियों ने सुबह बारिश कम होने पर फाल्ट खोजने के लिए पेट्रोलिंग कराई। मोहल्ला आजादपुरा में मेन रोड, नहर रोड पर शनिवार रात से रविवार दिनभर व शाम को बिजली की आवाजाही लगी रही। स्थिति यह रही कि आधे घंटे बिजली आती और एक घंटे बाद गुल हो जाती। वहीं, इलाइट चौराहा पर भी रविवार सुबह से ट्रांसफार्मर से फेज नहीं आने से परेशानी रही। कर्मचारियों ने दोपहर में पहुंचकर बिजली सुचारु की। उधर, तालबेहट में बिजली लाइनों में आए फाल्ट विभागीय कर्मी सही करते रहे।