संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी सत्यप्रकाश व एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने कर्बला मार्ग का निरीक्षण किया। यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम-एसपी ने जुलूस मार्ग पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बेरीकेडिंग और यातायात प्रबंधन की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने मुस्लिम समाज के धर्म गुरुओं और गणमान्य लोगों से वार्ता भी की। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करें, जिससे कि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कोतवाली पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा जुलूस मार्गों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। डीएम-एसपी ने सभी लोगों से आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। इस मौके पर एसडीएम सदर मनीष कुमार, सीओ सदर सुनील भारद्वाज, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी आदि मौजूद रहे।