ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला नेहरूनगर में शनिवार की सुबह दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष के दो युवकों ने दूसरे पक्ष के लोगों के घर जाकर मारपीट कर तमंचे से फायर कर दिया, जिससे मोहल्ले में दहशत फैल गई। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो गया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपियों की धरपकड़ शुरू करके पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेहरूनगर निवासी गीता सहरिया पत्नी रामलाल सहरिया ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार को सुबह करीब ग्यारह बजे जब वह घर पर थीं, तभी मोहल्ला के ही रूपेंद्र यादव उर्फ मिट्ठू, विवेक, मदन यादव, अंकुर यादव उसके घर आए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे, जब उसने गालियां देने से मना किया तो एक व्यक्ति ने तमंचा दिखाकर फायर कर दिया, जिससे वह लोग जान बचाकर घर के अंदर भागे। इस पर वह उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इसका वीडियो भी है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरी तरफ पीड़िता गीता ने बताया कि सुबह जब वह घर पर थी तो वह लोग आए और उसके बेटे के सिर पर एक व्यक्ति ने तमंचा लगाकर डराया और उसके हटते ही फायर भी कर दिया। इससे उसके बेटे की बाल-बाल जान बची है। इस मामले में महिला के बेटे सूरज ने बताया कि एक दिन जब वह घर लौट रहा था। जब रास्ते में कुछ लोग लूडो खेल रहे थे और शराब के नशे में थे। जब वह वहां से निकला तो उसे बुलाकर पूछा कि कहां जा रहे हो और उसे तमाचा मार दिया। इस पर उसने भी उसे तमाचा मार दिया था। तब मामला शांत हो गया था। अब शनिवार को सुबह करीब ग्यारह बजे जब वह घर के बाहर पानी भर रहा था तो वह लोग उसके घर आए और उसके साथ मारपीट करने लगे और तमंचे से फायर कर दिया और धमकाते हुए भाग गए। इस पर उसने कोतवाली पुलिस को फोन करके जानकारी दी, जिस पर पुलिस वहां पहुंची थी।
-
इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और घटना स्थल का निरीक्षण किया गया।
-संजय कुमार शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, ललितपुर।