ललितपुर। गल्ला मंडी स्थित दुकान के पास दो पक्षों में शनिवार रात विवाद हो गया। मारपीट भी हुई। दोनों पक्षों ने फायरिंग भी की।
मोहल्ला नवीन गल्ला मंडी के पास निवासी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि 29 जून की रात साढ़े दस बजे वह अपने घर पर था, तभी उसकी दुकान पर विक्की पंथ निवासी मोहल्ला रामनगर, सचिन पंथ निवासी करगन, पंकज पंथ निवासी गल्ला मंडी आए। दुकान पर बैठे उसके भाई कृष्णा से सामान मांगने लगे। कृष्णा ने सामान देने से मना कर दिया तो आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। विक्की पंथ ने तमंचे से हवा में फायर किया और मौके से भाग गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के विक्की पंथ ने बताया कि 29 जून को वह अपने दोस्त पंकज पंथ व सचिन पंथ के साथ कृष्णा के खोखे के पास बिरयानी खा रहा था। इस बीच उसके दोस्त सचिन ने कृष्णा राजा से दूरबीन मांगी तो कृष्णा ने मना कर दिया। साथ में तीनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। शोर सुनकर रविंद्र राजा, सूर्यप्रताप सिंह व लाल सिंह मौके पर आए। आरोपियों ने मारपीट की। आरोपी सूर्यप्रताप व लाल सिंह ने अपनी बंदूक से हवा में फायर कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
सोमवार को कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।