ललितपुर। छोटी बहन की शादी में अवकाश लेकर घर आए पुलिस कर्मी की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम कलौथरा निवासी ब्रजेश पटेल (27) पुत्र रामेश्वर प्रसाद पुलिस विभाग में सिपाही पद पर जनपद चित्रकूट स्थित पुलिस लाइन में तैनात था। करीब एक सप्ताह पहले 23 अप्रैल को अवकाश लेकर आया था। दो मई को छोटी बहन की शादी समारोह के लिए कार्ड वितरण के साथ ही अन्य तैयारियों में जुटा था।
बृहस्पतिवार शाम को ब्रजेश पटेल ललितपुर से कार्ड बांटकर घर पहुंचा और खाना खाकर सोने के लिए छत पर चला गया। सुबह उठकर पानी पिया और कुछ ही देर में चक्कर आने पर गिर पड़ा। परिजन आननफानन जिला अस्पताल लाए, जहां पर चिकित्सकों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चाचा मलखान सिंह ने बताया कि ब्रजेश पटेल की चार साल पहले पुलिस में नौकरी लग गई थी। एक वर्ष पहले ही नौ मई को उसकी शादी हुई थी। वह दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। छोटी बहन की शादी की पूरी तैयारियां कर रहा था।
जहां शहनाई बजनी थी, मचा कोहराम
थाना नाराहट अंतर्गत गांव कलौथरा रामेश्वर प्रसाद की छोटी बेटी की शादी को लेकर घर में वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हो गए थे। घर में हंसी खुशी का माहौल था। दो दिन बाद इस घर में बेटी की शादी की शहनाई बजनी थी, लेकिन बृजेश की मौत से आज उसी आंगन में कोहराम मच गया।