जाखलौन में लार्वा खोजती एंटोमोलॉजिकल टीम
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। मंगलवार को ब्लॉक बिरधा के अंतर्गत कस्बा जाखलौन में अपर निदेशक चिकित्सा व स्वास्थ्य झांसी मंडल की टीम ने डेंगू पाए गए मरीज के घर के आसपास लार्वा की खोज की गई। जिसमें लार्वा के नमूना लेकर झांसी जांच को भेजे गए हैं।
जनपद में लगातार मिल रहे डेंगू के मरीजों को लेकर मंगलवार को डॉ. रविदास ने टीम के साथ निरीक्षण किया। साथ में जिला मलेरिया अधिकारी केएस सिंह यादव टीम के साथ ग्राम जाखलौन पहुंचे। जहां पर बीते दिनों एक 18 वर्षीय बालक में डेंगू की पुष्टि पाई गई थी। मरीज के घरों के चारों ओर जलभराव व पात्रों में जांच की गई। मंडलीय टीम द्वारा लार्वा के नमूने लिए गए। जिन्हें परीक्षण के लिए झांसी ले जाया गया। जांच के दौरान घरों में मच्छर मिले हैं। वह डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर नहीं, बल्कि मलेरिया फैलाने वाली मादा एनाफिलीज मच्छर हैं।
इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी ने लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया। जिसमें बताया कि मच्छरों को पनपने से रोकें। घरों के आसपास जलभराव न होने दें। छत पर रखे पात्र, कूलरों की नियमित सफाई करते रहें। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। फुल कपड़े पहनकर बीमारियों से बचाव करें। इस दौरान जयवर्धन, मलेरिया निरीक्षक हरिश्चंद्र नामदेव, प्रसन्न कुमार, गणेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।