ललितपुर। शहर क्षेत्र में खाद के लिए लाइन में लगे किसान भोगी पाल की मौत के मामले में सूबे के राज्यमंत्री व जनपद प्रभारी गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को किसान के घर जाकर मुख्यमंत्री राहत कोष से जारी दो लाख रुपये आर्थिक सहायता राशि का स्वीकृत पत्र परिजनों को सौंपा, जबकि इस मामले में डीएम ने 10 रुपये दिए जाने की घोषणा की थी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि रुपया खाते में आएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शोक संवेदना भी व्यक्त की। पत्रकार वार्ता में सवालों से घिरे मंत्री ने कहा कि मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ योजना से 30 हजार रुपये, प्रधानमंत्री आवास योजना से मकान भी दिया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और भी मदद की जाएगी।
खाद के लिए 22 अक्तूबर को दुकान पर लाइन में लगे किसान की गिरकर मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित किसान जाम लगाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन डीएम अन्नावि दिनेश कुमार ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिलवाने का आश्वासन देते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों से अंतिम संस्कार करवा दिया था। मंगलवार को प्रभारी मंत्री मृतक के नयागांव स्थित घर पहुंचे और परिजनों से शोक संवेदना जताने के बाद उन्हें दो लाख का आर्थिक सहायता का स्वीकृति पत्र सौंपा।
देर शाम प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि किसान अपने घर नयागांव से ललितपुर आते समय निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के पास बेहोश होकर गिर गया था, जिस पर उनको तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई। मृतक के नाम 1.245 हेक्टेयर भूमि दर्ज कागजात हैं। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी पार्वती एवं दो पुत्र कृपाल एवं राजपाल हैं, मृतक की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। इस मौके पर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, अध्यक्ष जिला पंचायत कैलाश निरंजन, जिलाध्यक्ष भाजपा राजकुमार जैन, राज्यमंत्री प्रतिनिधि चंद्रशेखर पंथ, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अजय पटैरिया, अशोक रावत एवं अन्य अतिथि तथा अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।