पीएम हाउस के वाहर खड़े मतृक शिवम के परिजन
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूल से परीक्षा देकर अपने गांव लौट रहे ग्यारहवीं के छात्र की ट्रेन से कटकर मौत हो गई।
थाना जाखलौन के ग्राम दावनी निवासी शिवम यादव (17) पुत्र राजपाल यादव जिला मुख्यालय स्थित वर्णी जैन इंटर कॉलेज में ग्यारहवीं का छात्र था और वह बृहस्पतिवार को गांव से साइकिल से परीक्षा देने के लिए स्कूल गया था। परीक्षा देकर जब वह साइकिल से अपने साथियों के साथ गांव लौट रहा था और देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग के बंद गेट के नीचे से निकलकर दूसरी तरफ जाने लगा, तो एक ओर की ट्रेन निकलने के बाद जल्दबाजी में रेल पटरियां पार करने लगा और पहली ट्रेन निकलने के लिए दूसरी ओर से आ रही ट्रेन को नहीं देख सका और वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह देख उसके साथियों ने इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी, जबकि कोतवाली पुलिस ने मौके से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता राजपाल व चाचा रंजीत ने बताया कि शिवम पढ़ाई के लिए रोजाना ललितपुर जाता था। उन्होंने बताया कि इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा में वह 95 प्रतिशत नंबरों से पास हुआ था। मृतक दो बहनों में इकलौता भाई था और उसकी मौत से घर व पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी मिलने पर कई ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए थे।