- गर्मी से बचाव को वेटिंग हॉल में इंतजार करते हैं यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जून माह में स्कूल, कॉलेजों की छुट्टियों के चलते ट्रेनाें में भीड़ बढ़ गई है, रिजर्वेशन फुल चल रहे हैं। कई दिनों तक वेटिंग क्लीयर नहीं होने से यात्री परेशान हैं, जिस पर उन्हें तत्काल टिकट लेनी पड़ रही है।
ललितपुर से मथुरा, दिल्ली, हरिद्वार, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, भोपाल, मुंबई, नागपुर जाने वाली ट्रेनें अगले एक सप्ताह तक रिजर्वेशन फुल चल रहे हैं या फिर वेटिंग चालीस से अधिक आ रही है। वहीं, पंजाबमेल और छत्तीसगढ़ एवं कुशीनगर एक्सप्रेस में भी भारी भीड़ चल रही है तो वहीं पंजाब की ओर से भी यात्री आकर चंदेरी के रास्ते आनंदपुर आश्रम के लिए बड़ी संख्या में आ रहे हैं। वहीं, टीकमगढ़, खजुराहो की ओर जाने और आने वाले बहुत सी यात्री ट्रेनों की टाइमिंग सही नहीं होने के चलते प्लेटफार्म पर ही घंटों ट्रेनों का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। रविवार को सुबह मालवा और कुशीनगर एक्सप्रेस में भारी भीड़ रही। जबकि भोपाल की ओर से आने वाली छत्तीसगढ़, पंजाब व झेलम एक्सप्रेस में भारी भीड़ रही। इन ट्रेनों से आने वाले बहुत से यात्री टीकमगढ़, खजुराहो की ओर भी जा रहे थे, लेकिन ट्रेन का समय अधिक होने के कारण उन्हें प्लेटफार्म पर ही रुककर खजुराहो जाने वाली ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। गोरखपुर जाने वाली सीतापुर एक्सप्रेस में अगले दिन तक कोई सीट खाली नहीं है। जबकि राप्तीसागर एक्सप्रेस अगले बीस जून तक निरस्त चल रही है। वहीं, साबरमती एक्सप्रेस में भी सभी श्रेणी में बीस से अधिक वेटिंग चल रही है, जबकि कुशीनगर व पुष्पक एक्सप्रेस में तीस तक वेटिंग चल रही है।