ललितपुर। अपने मालिक के रुपये लेकर फरार हुए मुनीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को एसपी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी मो. इमरान ने बताया कि 25 अप्रैल को मुहल्ला गांधी नगर निवासी व्यापारी सुबोध कुमार जैन ने अपने मुनीम संजीव जैन को 4.60 लाख रुपये बैंक में जमा करने को दिए थे। मुनीम संजीव ने बैंक में रुपये जमा करने के बजाए उन्हें लेकर गायब हो गया। व्यापारी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इस पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुनीम की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने स्वॉट टीम को मामले की जांच का आदेश दिया। एसपी ने बताया कि सर्विलांस की मदद से मुनीम के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली गई। मुनीम ने घटना वाले दिन आखिरी कॉल अपनी पत्नी नीटू को की थी। नीटू के नंबर पर सर्विलांस टीम लगातार नजर रख रही थी। पिछले दिनों सर्विलांस टीम को नीटू के नंबर पर आईडीबीआई बैंक सागर से मेसेज आए, जिसमें बड़ी रकम डालने व निकालने की जानकारी थी। इसी जानकारी को आधार मानते हुए पुलिस ने मप्र के सागर स्थित बैंक में जाकर पूछताछ की, तो नीटू के बारे में जानकारी मिल गई।
पुलिस ने रणनीति बनाकर संजीव जैन व उसकी पत्नी नीटू जैन को सागर के मुहल्ला गोपालगंज से गिरफ्तार कर लिया। हड़पी गई रकम से आरोपियों ने दस ग्राम सोने की जंजीर, दो सोने की अंगूठी, एक एलसीडी टीवी व नीटू के खाते से 30,150 रुपये बरामद किए गए।
लालच ने बरबाद किया परिवार
आरोपी संजीव जैन मूलत बीना के खिमलासा रोड निवासी है। उसने नीटू के साथ अंतरजातीय विवाह किया था। इस विवाह के बाद से दोनों के परिवारों ने उनसे नाता तोड़ लिया था। संजीव ललितपुर आकर साढ़े छह हजार रुपए प्रतिमाह में सुबोध जैन के यहां मुनीम का काम करने लगा था। उसके दो लड़के हैं। थोड़ी लालच में संजीव ने अपने परिवार को नष्ट कर लिया। सेठ द्वारा दी गई रकम को लेकर मन में लालच आने पर उसने पत्नी को तुरंत सामान पैक करने को कहा और स्कूल जाकर बच्चों को ले आया। इसके बाद परिवार के साथ संजीव गायब हो गया। लेकिन, आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पति के गलत कार्य में सहयोग करने के कारण पत्नी को भी आरोपी बनाया गया है। पति व पत्नी दोनों के गिरफ्तार होने के बाद उनके बच्चों के सामने संकट खड़ा गया हो, क्योंकि अंतरजातीय विवाह के कारण उनके परिवार पहले ही सबंध विच्छेद कर चुके हैं। एसपी ने बताया कि बच्चों के रहने की व्यवस्था बाल कल्याण केंद्र में की जाएगी।
पत्नी को छुड़वा दो भाईसाहब
जब आरोपी संजीव जैन को पत्नी के साथ मीडिया के समक्ष पेश किया गया, तो उसी समय वादी सुबोध जैन भी मौके पर मौजूद थे। आरोपी संजीव बार- बार वादी सुबोध जैन से अपनी पत्नी को मामले से हटवा देने की गुजारिश करता रहा। उसका कहना था कि पत्नी जेल चली गई तो बच्चों का क्या होगा, लेकिन कोई फायदा नहीं हुंआ।
इस टीम को मिली सफलता
मामले का खुलासा करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ने बधाई दी है। खुलासा करने वाली टीम में नई बस्ती चौकी इंचार्ज मान सिंह पाल, स्वॉट प्रभारी देवी सिंह, एचपी बुधौलिया, शफीक, मनोज कुमार, रविंद्र कटियार, संजय भदौरिया, कप्तान सिंह, बसंत पाठक व महिला सिपाही नीता श्रीवास्तव शामिल रहीं।
व्यापारी नेताओं के साथ होगी बैठक
मुुनीम द्वारा सेठ की रकम लेकर गायब होने के मामले में पुलिस को बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एसपी मो. इमरान ने बताया कि आरोपी संजीव जैन व उसके परिवार के बारे में मुहल्ले में कोई ज्यादा जानकारी नहीं रखता था। इस मामले को देखते हुए एसपी ने जल्द ही जनपद के सभी तहसीलों के व्यापारी नेताओं से मुलाकात करके उनसे व्यापारियों के यहां काम कर रहे कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर मुहिम चलाने की निर्णय लिया है। जल्द ही इस बैठक का आऱ्योजन कर व्यापारियों को सत्यापन फार्म उपलब्ध कराएं जाएंगे।