फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवती ने बांध में कूदकर दी जान

Fri, 31 Jul 2015 12:47 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
 
विज्ञापन

बृहस्पतिवार की सुबह गोविंद सागर बांध में साइफन के निकट अज्ञात शव उतराता देख नगर के लोगों में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर जांच शुरू की। कुछ देर बाद मृतका की शिनाख्त चौकी नईबस्ती क्षेत्र के मोहल्ले में रहने वाली एक युवती के रूप में कर ली गई। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटना स्थल का निरीक्षण किया, जिस जगह शव उतराता पाया गया, नजदीक ही मृतका की चप्पल रखी हुई थी। मक्के का भुना हुआ एक भुट्टा भी रखा हुआ था। परिजनों ने इस दौरान पुलिस अधीक्षक को बताया कि युवती बुधवार की दोपहर 12 बजे अपनी छोटी बहन से मोबाइल की रिपेयरिंग कराने तथा माता के मंदिर में दर्शन करने को जाने की बात कहकर घर से निकली थी, तभी से वापस नहीं लौटी। सुबह उनको इस दुखद हादसे की जानकारी मिली। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर युवती को परेशान करनेे का आरोप लगाते हुए मौत में उसका हाथ होने का संदेह प्रकट किया।
घटनास्थल के हालातों से यह बात साफ हो गई थी कि युवती बांध पर अकेली नहीं आई थी। ऐसे में परिजनों का संदेह युवती की मौत को संदिग्ध बना रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के बाद जब पड़ोस में रहने वाले युवक को पकड़कर पूछताछ की गई, तो प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की बात उजागर हो गई।  
विज्ञापन

------------------------------------------
बाक्स
-----------
प्रेमी भी कूदा था प्रेमिका के साथ!
युवक ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार की दोपहर दोनों बांध पर साथ आए थे। युवती ने भागकर विवाह करने का प्रस्ताव रखा था। इंकार करने पर एक साथ जान देने की बात कही, जिस पर उसने हामी भर दी। साइफन के निकट पहुंचने पर दोनों ने बांध में छलांग लगा दी, लेकिन वह किसी तरह बच गया। हालांकि, बांध में कूदने के बाद युवक के बचने की कहानी किसी के गले नहीं उतर रही है।
-------------------------------------------

जिला अस्पताल में भर्ती हो गया था युवक
मृतका के पड़ोस में रहने वाला युवक बुधवार की शाम 6.45 बजे पर जिला अस्पताल के प्राइवेट वार्ड नंबर 20 में भर्ती हो गया था। डाक्टरों सेे उसने घबराहट और चक्कर आने की बात कही थी। उधर, युवक के परिजन भी लापता हो गए थे, जिससे मृतका के परिजनों का माथा ठनका और पुलिस को इस बात की जानकारी दी।
विज्ञापन

-------------------------------------------
डूबने से मौत की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है, फिर भी चिकित्सकों ने जांच के लिए बिसरा सुरक्षित करा लिया है।
-----------------------------------

इनका कहना है -
युवती की मौत की प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला प्रतीत हो रहा है, जिसमें एक युवक का नाम भी उजागर हुआ है, जो बांध पर युवती के साथ आया था। हालांकि, मृतका के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर में इसका उल्लेख नहीं किया गया है, फिर भी वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- प्रभाकर चौधरी
पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।
--------------------------------
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें