ललितपुर। शहर के कंपनी बाग मैदान में बुधवार को जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी किसान मेला का आयोजन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। इसमें जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। इसके अलावा किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान डीएम ने किसानों की समस्याओं को तत्काल दूर करने का भरोसा दिया।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह वृक्षारोपण करने पर विशेष जोर दिया तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा कृषि तकनीकि का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
इस मौके पर आश्वासन दिया कि कृषक भाइयों को धरना-आंदोलन की स्थिति नहीं आने देंगे। इससे पहले ही समस्या के निराकरण के लिये किसानों के पास वह स्वयं पहुंच जायेंगे। साथ ही अपील कि किसान अपनी शिकायत-समस्या ईमानदारी से रखें, उसका निस्तारण गंभीरता से किया जायेगा। मुख्य अतिथि विधायक रामरतन कुशवाहा ने बताया कि सभी विभाग अपनी योजनाएं जनता तक पहुंचाएं तथा पारदर्शिता के साथ योजना का लाभ दिलाये जाए तथा कृषक भाइयों को खरीफ फसलों में अधिक उत्पादन करने हेतु शुभकामनाएं दीं। मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि किसानों को अच्छे किस्म के बीज उपलब्ध कराने के लिए जनपद की बैठक में कृषि मंत्री द्वारा कृषि निदेशक से बात की गयी है। उनके द्वारा अच्छे किस्म के बीज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।
बताया गया कि 30 जून तक जनपद में 370 खेत तालाब प्रत्येक दशा में पूर्ण किये जाने हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में बताया कि किसान 31 जुलाई तक खरीफ मौसम हेतु बैंक में 02 प्रतिशत प्रीमियम की कटौती कराकर लाभ ले सकते हैं। साथ ही ग्राम में चारागाह की जमीन की व्यवस्था कराने की बात कही।
उप कृषि अधिकारी हंसराज ने किसान पारदर्शी सेवायोजना ऑनलाइन पंजीकरण के बारे में जानकारी दी। वीके जैन प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ने अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।
जिला कृषि अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि गोदाम पर बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है ऑनलाइन पंजीकरण कराकर लाभ ले सकते हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी जीवन दत्त ने नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधन एवं पशु बीमा की जानकारी दी। अनूप कुमार सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने बताया कि 31 मार्च के भीतर ऋण लेने वालों को ही कर्ज माफी है। सुघर सिंह जिला उद्यान अधिकारी द्वारा बागवानी एवं औद्यानिक योजना के बारे में जानकारी दी।
भाकियू के नगर अध्यक्ष राजपाल यादव ने अच्छे किस्म के बीज दिलाने एवं जनपद में कम से कम 5-6 नलकूप लगवाने की मांग की। किसान संघ अध्यक्ष केहर सिंह बुंदेला ने अन्ना प्रथा समाप्त करने एवं चारागाह की जमीन दिलाने की मांग की।
नवनीत शर्मा द्वारा सुझाव दिया गया कि कृषकों के मध्य पौधे बांट दिये जाएं तो पौधरोपण और प्रभावी होगा। ऊदल सिंह द्वारा जनपद में 10 एचपी मोटर के कनेक्शन को समाप्त कर 5 एचपी कराने की मांग की गई। कृषकों में पहाड़ सिंह, मधुसूदन त्रिपाठी, नवनीत शर्मा, मुलायम सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।