ललितपुर। मंगलवार को राजकीय बाल गृह से एक बाल कैदी सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर भाग गया। तलाशी के बाद बच्चा न मिलने पर तहरीर के आधार पर बच्चा सहित सुरक्षा कर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
सहायक अधीक्षक रमेश कुमार सिंह ने बताया कि झांसी रेलवे सुरक्षा बल द्वारा मध्य प्रदेश के ओरछा व हाल निवासी झांसी बाबाधाम रेलवे स्टेशन से पुनीत जोशी पुत्र उमाशंकर जोशी को रेलवे एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर 25 जुलाई को नेहरूनगर स्थित राजकीय बालगृह में भेजा था। सोमवार की शाम को किशोर जब अन्य किशोर कैदियों के साथ परिसर के पिछले हिस्से में सफाई कर रहा था, इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर वह फरार हो गया।
किशोर के फरार होने की सूचना पर संप्रेक्षण गृह के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं होने पर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षाकर्मियों एवं किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।