निचलौल। मानकों को दरकिनार कर संचालित हो रहे निजी अस्पतालों में मंगलवार को हुई ताबड़तोड़ छापेमारी से हड़कंप मच गया। डिप्टी सीएमओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी में नगर के पांच अस्पतालों की ओटी और एक पैथोलॉजी सेंटर को सीज कर दिया।
मंगलवार को दोपहर 12 बजे डिप्टी सीएमओ आईए अंसारी व स्वास्थ्य निरीक्षक वेदप्रकाश चौरसिया की संयुक्त टीम ने सबसे पहले उज्ज्वल हास्पिटल का निरीक्षण किया। अस्पताल की हालत देख डिप्टी सीएमओ दंग रह गए और तत्काल ओटी को सीज कर दिया।
बता दें कि इसी अस्पताल में पिछले दिनों ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हुई थी। इसके उपरांत स्वास्थ्य टीम ने रवि हास्पिटल का जायजा लिया। वहां एक भी चिकित्सक न मिलने पर अस्पताल कर्मियों से जानकारी ली और ओटी को सीज कर दिया। इसके बाद तीन और हास्पिटलों में छापेमारी कर उनके ओटी को सीज कर दिया। हास्पिटल गेट स्थित कृष्णा पैथोलॉजी पहुंचे डिप्टी सीएमओ ने जांच में गड़बड़ी पर पैथोलॉजी को भी सीज कर दिया।
हालांकि हास्पिटल गेट पर करीब आधा दर्जन पैथोलॉजी सेंटर चल रहे है। लेकिन महज एक पर हुई कार्रवाई को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। इस संबंध में डिप्टी सीएमओ आईए अंसारी ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर अभियान चलाकर की गई छापेमारी में पांच अस्पताल के ओटी और एक पैथोलॉजी सेंटर को सीज किया
गया है।