ललितपुर। जखौरा थाना के ग्राम मुहारा में खरखरी नदी पर बने चेकडैम में एक विवाहिता मृत अवस्था में मिली। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
ग्राम मुहारा निवासी पहलवान सिंह की पत्नी विमलेश यादव (23) बुधवार की दोपहर अपने घर से खेत पर ससुर को खाना देने के लिए निकली थी। शाम तक खेत पर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने विमलेश की तलाश की, तो खेत से थोड़ी दूर पर स्थित खरखरी नदी पर बने चेकडैम में उसका शव उतराता दिखाई दिया। परिजनों ने मामले की जानकारी जखौरा पुलिस को दी। देर शाम पुलिस ने पहुंचकर शव को बाहर निकाला।
मृतका के परिजनों ने बताया कि खेत पर जाने के लिए उसी चेकडैम के ऊपर बने रास्ते से निकलना पड़ता है। ससुराल पक्ष की ओर से आशंका जताई जा रही है कि चेकडैम से गुजरते समय फिसलने से पानी में गिर गई होगी।
वहीं, पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के मायके वालों ने विमलेश की हत्या करने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। मृतका के भाई हरेंद्र ने बताया कि उसकी बहन को ससुराल वाले लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मारपीट से क्षुब्ध होकर विमलेश अपने मायके तालबेहट थाना क्षेत्र के गांव रानीकोंडर में निवास करने लगी थी।
करीब नौ महीने मायके में रहने के बाद पच्चीस दिन पहले ही ससुराल पक्ष के लोग पंचायत करके उसे वापस ससुराल ले गए थे। उसने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने के बाद हत्या कर उसकी बहन को चेकडैम में फेंक दिया गया।